जमीन विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या की, आरोपी फरार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद | निरसा:
धनबाद जिले के निरसा स्थित एमपीएल ओपी क्षेत्र के गांगपुर गांव में शनिवार को जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दो सगे भाइयों के बीच संपत्ति को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद उस वक्त हिंसा में बदल गया जब बड़े भाई ने छोटे भाई की लोहे की साबल से हमला कर हत्या कर दी। आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गया।
दुकान पर हुई कहासुनी, फिर कर दी हत्या
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान प्रशांत माजी के रूप में हुई है, जो अपनी दुकान पर बैठा था। इसी दौरान उसका बड़ा भाई हरमन माजी वहां पहुंचा और दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई, फिर गुस्से में आकर हरमन ने पास में रखी लोहे की साबल से प्रशांत के सिर पर वार कर दिया। चोट इतनी गंभीर थी कि प्रशांत की मौके पर ही मौत हो गई।
पत्नी ने जताई थी आशंका, कहा- भाई ही हत्यारा बनेगा, यह नहीं सोचा था
मृतक की पत्नी पूजा माजी ने बताया कि लंबे समय से जमीन और दुकान को लेकर विवाद चला आ रहा था। वह अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रह रहे थे और छोटी सी दुकान से गुजर-बसर कर रहे थे। उन्होंने बताया, “डर था कि कुछ अनहोनी न हो जाए, लेकिन ये नहीं सोचा था कि भाई ही जान ले लेगा।”
पुलिस ने घटनास्थल से हथियार किया बरामद, आरोपी की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही एमपीएल ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। निरसा एसडीपीओ रजत मणिक बाखला ने बताया कि हत्या में प्रयुक्त हथियार जब्त कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।