बरोरा थाना में लापरवाही पर गिरी गाज़: एसएसपी ने दो पुलिस अधिकारियों को किया लाइन हाजिर

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

औचक निरीक्षण के दौरान ड्यूटी से गायब मिले पदाधिकारी, एसएसपी ने जताई सख्त नाराज़गी

धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने पुलिस विभाग में अनुशासन और कर्तव्यपरायणता को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए शुक्रवार को बरोरा थाना में दो पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की है।

एसएसपी प्रभात कुमार ने शुक्रवार को बरोरा थाना का औचक निरीक्षण किया, जहां निरीक्षण के दौरान सब इंस्पेक्टर टी. के. दास और एएसआई अनुज टोपो ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए। इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए एसएसपी ने दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया।

इस कार्रवाई की पुष्टि बरोरा थाना प्रभारी साधन कुमार ने की। उन्होंने बताया कि एसएसपी की यह कार्रवाई विभाग में अनुशासन बनाए रखने की दिशा में एक स्पष्ट संदेश है कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, रिकॉर्ड संधारण और कर्मचारियों की उपस्थिति की भी गहन जांच की। इस दौरान कई निर्देश भी दिए गए, ताकि थाने के कार्य संचालन में पारदर्शिता और प्रभावशीलता बनी रहे।

एसएसपी प्रभात कुमार की यह कार्यशैली यह संकेत देती है कि धनबाद पुलिस विभाग अब किसी भी तरह की ढिलाई या गैर-जिम्मेदाराना रवैये को लेकर सख्ती से पेश आने वाला है।

About Author

error: Content is protected !!