Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
गिरिडीह : सरिया प्रखंड के निमाटांड चौक के समीप शनिवार सुबह लगभग 10 बजे एक सड़क दुर्घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी।
घायल युवकों की पहचान गोपाल राय (उम्र 25 वर्ष) और गोबिंद राय (उम्र 22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो गिरिडीह जिले के राजधनवार थाना अंतर्गत अम्बाटांड गांव के निवासी हैं। जानकारी के अनुसार दोनों युवक घर में हुए श्राद्ध कार्यक्रम के बाद सरिया के राजदह धाम से उटरवाहनी स्नान कर वापस लौट रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र के जिला परिषद सदस्य अनूप कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत एक निजी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर देख उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया।
घटना के बाद सरिया थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक एवं मोटरसाइकिल को जब्त कर थाने ले गई है।
इस बीच, घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाने में संतोष पासवान, सुनील वर्मा, नकुल पासवान और संजय कुशवाहा का सहयोग सराहनीय रहा। इनकी तत्परता ने दुर्घटनाग्रस्त युवकों को समय पर चिकित्सा सहायता दिलाने में मदद की।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ट्रकों की तेज रफ्तार पर लगाम लगाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।