डीजे बजाने पर प्रतिबंध, रात 10:00 के बाद नहीं बजेंगे

डीजे बजाने पर प्रतिबंध, रात 10:00 के बाद नहीं बजेंगे

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद : लाउडस्पीकर,निर्देश का उल्लंघन होने पर चलेगा अवमानना वाद,हर प्रखंड व अंचल में रहेगा कंट्रोल रूम,अंतिम व्यक्ति के घर पहुंचने तक मौजूद रहेंगे मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारी

मोटरसाइकिल जुलूस और लहरिया कट से बाइक चलाने वालों पर रहेगी निगरानी

हर गतिविधि की सूचना कंट्रोल रूम और पुलिस मुख्यालय को देने का निर्देश

रामनवमी को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा दिए गए निर्देशों के आलोक में वरीय पुलिस अधीक्षक हृदीप पी जनार्दनन तथा उप विकास आयुक्त सादात अनवर ने शनिवार को सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से रामनवमी के दौरान शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि रामनवमी के दौरान किसी भी अखाड़ा दल को डीजे बजाने की अनुमति नहीं है। हालांकि लाउडस्पीकर पर मध्यम ध्वनि से धार्मिक गीत बजाने पर रोक नहीं है।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी को दिन के 12 बजे तक प्रतिनियुक्त स्थल पर पहुंचने, क्विक रिस्पांस टीम तथा फोर्स मूवमेंट प्लान तैयार रखने का निर्देश दिया।

साथ ही जुलूस लौटने के क्रम में जुलूस में शामिल अंतिम व्यक्ति के अपने घर पहुंचने तक सतर्क रहने का निर्देश दिया।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी को प्रखंड और अंचल में कंट्रोल रूम बनाने का निर्देश दिया।

उन्होंने सभी अखाड़ा दल के अध्यक्ष एवं सचिव को डीजे बजाने को लेकर उच्च न्यायालय के आदेश से अवगत कराने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित अखाड़ा दल के अध्यक्ष व सचिव के विरुद्ध अवमानना वाद चलाया जाएगा।

साथ ही रात्रि 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर नहीं बजाने का भी निर्देश दिया।

वहीं एडीएम लॉ एंड ऑर्डर पीयूष सिन्हा ने मोटरसाइकिल जुलूस और लहरिया कट से मोटरसाइकिल चलाने वालों पर निगरानी रखने का निर्देश दिया। जबकि सिटी एसपी अजीत कुमार ने सभी पुलिस पदाधिकारी एवं मजिस्ट्रेट को सतर्क रहकर अपने कर्तव्य का पालन करने का निर्देश दिया।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में वरीय पुलिस अधीक्षक हृदीप पी जनार्दनन, उप विकास आयुक्त सादात अनवर, सिटी एसपी अजीत कुमार, ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर पीयूष सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार, डीएसपी शंकर कामती, डीएसपी धीरेन्द्र नारायण बंका, डीएसपी अरविंद कुमार सिंह, डीएसपी सीसीआर सुमित कुमार मौजूद थे।

 

About Author

error: Content is protected !!