झारखंड में मंईयां सम्मान योजना की 2500 रुपए की राशि लाभुकों के खाते में भेजने की तैयारी शुरू हो गई है। विधानसभा चुनाव जीतने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पहली बार 14 दिसंबर को अपनी सीट बरहेट के दौरे पर रहेंगे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इस दौरान वे महिला लाभुकों के खाते में 2500 रुपए का हस्तांतरण कर सकते हैं। इससे पहले बुधवार को हेमंत सरकार ने वित्तीय वर्ष 2024-25 का दूसरा अनुपूरक बजट सदन में पेश किया। इस बजट में सबसे अधिक राशि महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा को दी गई है।
मंईयां सम्मान योजना इसी विभाग (नोडल विभाग) द्वारा संचालित हो रही है। विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक अनुपूरक बजट पर गुरुवार को सदन में चर्चा होगी। उसके बाद वित्त विभाग द्वारा बजट का झारखंड सरकार में गजट प्रकाशन होगा। फिर वित्त विभाग लाभुकों को भेजे जाने वाली राशि का हिस्सा नोडल विभाग को हस्तांतरित करेगा। माना जा रहा है कि अगले एक-दो दिन में यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
झामुमो ने हक की लड़ाई लड़ हासिल की जीत: सीएम सोरेन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेने के कांके रोड स्थित आवास पर बुधवार को झामुमो केंद्रीय समिति की विस्तारित बैठक सह आभार सभा हुई। इसमें हेमंत ने कहा कि झामुमो संघर्ष से उपजी पार्टी है। यही कारण है कि हमने हमेशा हक-अधिकार के लिए लड़ाई लड़ी है और लड़कर जीत हासिल की है, कभी हार नहीं मानी है। इस विस चुनाव में सभी कर्मठ नेताओं और जुझारू कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत तथा राज्यवासियों के आशीर्वाद के फलस्वरूप झारखंड में मजबूत अबुआ सरकार का गठन हुआ। आप सभी को इसके लिए हार्दिक बधाई और जोहार।
सीएम ने कहा कि झारखंड महिला शक्ति ने जो साथ दिया है उसका पार्टी आभार व्यक्त करती है और सदैव उनके अधिकार की रक्षा के लिए पार्टी तैयार रहेगी। सीएम ने कहा कि आने वाले समय में हमें झामुमो परिवार की जड़ों को राज्य के प्रत्येक कोने में पहुंचा कर मजबूत करने का काम करना है। बैठक में झामुमो केंद्रीय समिति के तमाम सदस्य, मंत्री, विधायक, सांसद, सभी 24 जिलों के अध्यक्ष व सचिव, 260 प्रखंडों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। सभा का संचालन झामुमो महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने किया।
दूसरे राज्यों में भी झामुमो की पैठ बढ़ाएं: सीएम सोरेन
झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड के साथ-साथ दूसरे राज्यों में भी झामुमो की पैठ बढ़ाने का काम कार्यकर्ता करें। उन्होंने कहा कि अगले पांच साल में झामुमो को ज्यादा सशक्त और विस्तार देना है। इसकी तैयारी अभी से ही करें।
जनसेवा को सर्वोपरि रखते हुए राज्य का विकास करेंगे: कल्पना
झारखंड मुक्ति मोर्चा की केंद्रीय समिति की विस्तारित बैठक सह आभार सभा में झारखंड भर से आये पार्टी पदाधिकारियों के साथ कल्पना सोरेन भी शामिल हुईं। कहा कि 2024 विधानसभा चुनाव का परिणाम झामुमो के हर कार्यकर्ता की कड़ी मेहनत और पार्टी पर जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है। हेमंत सोरेन के नेतृत्व में हम सभी का संकल्प पार्टी को और मजबूत करना है और जनसेवा को सर्वोपरि रखते हुए झारखंड के विकास में अपना हरसंभव योगदान देना है।
झारखंड में मजबूत अबुआ सरकार का गठन हुआ: सोरेन
हेमंत ने कहा कि विधानसभा चुनाव में सभी की कड़ी मेहनत और करोड़ों राज्यवासियों के आशीर्वाद से झारखंड में मजबूत अबुआ सरकार का बनी है। कार्यकर्ताओं को इसके लिए हार्दिक बधाई और जोहार। साथ ही उन्होंने कहा कि भविष्य में हमें पार्टी को और मजबूत करना है। झामुमो परिवार की जड़ों को राज्य के हर कोने में पंहुचना है। मिलकर वंचित, शोषित समेत समाज के सभी वर्ग को हक और अधिकार देने का कार्य करना है।