उपायुक्त व एसएसपी ने किया धनसार से जोड़ापोखर तक फ्लैग मार्च
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
_लोगों से की निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील_
धनबाद : विधानसभा चुनाव को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त सुश्री माधवी मिश्रा तथा वरीय पुलिस अधीक्षक श्री हृदीप पी जनार्दनन ने शनिवार को धनसार चौक से जोड़ा पोखर तक फ्लैग मार्च किया।
इस दौरान उपायुक्त व एसएसपी ने लोगों से 20 नवंबर 2024 को निर्भीक होकर अपने मतदान केंद्रों में जाकर मतदान करने की अपील की।
फ्लैग मार्च को लेकर उपायुक्त ने कहा कि चुनाव के दिन तक इसी प्रकार से विभिन्न क्षेत्रों में प्रशासन द्वारा फ्लैग मार्च जारी रहेगा। चुनाव के दौरान किसी प्रकार की विधि व्यवस्था का उल्लंघन या किसी भी मतदाता के साथ गलत व्यवहार नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि चुनाव को लेकर संवेदनशील क्षेत्र में अतिरिक्त निगरानी रखी जा रही है। क्रिटिकल एवं वल्नरेबल बूथों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व में लोगों को भयमुक्त माहौल में अपने मताधिकार का प्रयोग कराने के लिए प्रशासन कृत संकल्पित है।
एसएसपी ने कहा कि इस बार भारत निर्वाचन आयोग ने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस फोर्स की 102 कंपनी उपलब्ध कराई है। झरिया विधानसभा क्षेत्र में बीएसएफ की 15 कंपनी की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही एफएसटी एवं एसएसटी द्वारा कड़ाई से जांच की जा रही है। चुनाव में धन – बल का प्रयोग करने वाले या मतदाताओं को भयभीत करने वाले से जिला प्रशासन सख्ती से निपटेगा।
फ्लैग मार्च के दौरान उपायुक्त सुश्री माधवी मिश्रा, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री हृदीप पी जनार्दनन, सिटी एसपी श्री अजीत कुमार, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर श्री पीयूष सिन्हा के अलावा संबंधित थाना के थाना प्रभारी मौजूद थे।