3 बजे तक मतदान प्रतिशत 56.57%,DC व SP ने लाइन में लगकर डाले वोट

Palamu : झारखंड के 43 विधानसभा सीटों पर सुबह सात बजे से मतदान जारी है. मतदान को लेकर पलामू में भी मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है. पांच विधानसभा क्षेत्रों में शांतिपूर्ण तरीके से वोटिंग हो रही है. ज्यादा से ज्यादा संख्या में महिला और पुरुष घरों से निकलकर मतदान कर रहे हैं. पलामू डीसी सह निर्वाचन पदाधिकारी शशि रंजन ने पलामू क्लब के मतदान केंद्र पर मतदान किया. वहीं पलामू एसपी रिस्मा रमेशन ने सिंचाई विभाग के मतदान केंद्र में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया. दोनों अपने-अपने मतदान केंद्र पर आम लोगों की तरह लाइन में लगे और अपनी बारी का इंतजार कर वोट डाले.

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

राज्य का विकास करना है, तो करें मतदान

मतदान करने के बाद पलामू डीसी शशि रंजन ने लोगों से भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की. उन्होंने कहा कि अगर अच्छी सरकार बनानी है और राज्य का विकास करना है, तो घर से बाहर निकले और अपना कीमती वोट दें. वहीं पलामू एसपी रिस्मा रमेशन ने कहा कि जिले में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हो रहे हैं. मतदान को लेकर सभी मतदान केंद्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं.

कंट्रोल रूम से सभी मतदान केंद्रों में रखी जा रही निगरानी

झारखंड विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पलामू में मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संचालित करने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क है. जिला कंट्रोल रूम से पूरे क्षेत्र की मॉनिटरिंग की जा रही है, जहां पुलिस अधीक्षक (एसपी) रिस्मा रमेशन ने खुद निगरानी की कमान संभाली है. कंट्रोल रूम से सभी मतदान केंद्रों की हर गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना पर तुरंत प्रतिक्रिया दी जा सके. एसपी के नेतृत्व में सुरक्षा दल किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. इस व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के चलते मतदाता बेझिझक मतदान कर रहे हैं और चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी है.

पलामू में दोपहर तीन बजे तक 56.57% हुआ मतदान 

पलामू में दोपहर तीन बजे तक मतदान प्रतिशत 56.57 प्रतिशत दर्ज किया गया. पांकी में 58.64%, डाल्टनगंज में 56.93%, विश्रामपुर में 56.43%, छत्तरपुर में 56.29% और हुसैनाबाद में 54.45% मतदान हुआ. इससे पहले दोपहर एक बजे तक मतदान प्रतिशत 44 प्रतिशत दर्ज किया गया था. पांकी में 44.77%, डाल्टनगंज में 43.23%, विश्रामपुर में 43.98%, छत्तरपुर में 44.69% और हुसैनाबाद में 43.53% मतदान हुआ था. इससे पहले सुबह 11 बजे तक पलामू में 28.36% लोगों ने मतदान किया था. इसमें पांकी के 28.96%, डाल्टनगंज के 27.55%, विश्रामपुर के 28.26%, छत्तरपुर के 28.71% और हुसैनाबाद के 28.51% मतदाता शामिल हैं. वहीं सुबह 9 बजे तक पलामू में 11.84% लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था. पांकी में 12.43%, डाल्टनगंज में 10.51%, विश्रामपुर में 12.33%, छत्तरपुर में 11.78% और हुसैनाबाद में मतदान प्रतिशत 12.41% था

 

About Author

error: Content is protected !!