रांची : झारखंड विधानसभा चुनावों का ऐलान अभी नहीं किए गए हैं। हालांकि, साल के आखिरी में यहां चुनाव होने हैं। ऐसे में चुनाव आयोग जल्द ही यहां चुनावी कार्यक्रम का ऐलान कर सकता है। बिहार की सत्ता में काबिज जदयू भी इन चुनावों में उतरने के लिए पूरी तरह तैयार है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!झारखंड में साल के आखिरी में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इन चुनावों को लेकर सुगबुगाहट शुरू हो गई है। भाजपा, कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा के अलावा जनता दल यूनाइटेड(जदयू) भी यहां विधानसभा चुनावों से हिस्सा लेती है। ऐसे में जदयू ने प्रदेश की 11 सीटों पर चुनाव लड़ने का मन बनाया हुआ है। इस दौरान जदयू ने झारखंड की 3 विधानसभा सीटों को प्राथमिकता में रखा हुआ है। इन सीटों पर जदयू को अपने लिए काफी संभावनाएं दिख रही हैं। आइए जानते हैं झारखंड विधानसभा चुनावों के लिए जनता दल यूनाइटेड क्या प्लान बना रही है
प्रदेश जनता दल यूनाइटेड का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह बिहार के सीएम नीतीश कुमार से उनके पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास पर मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद खीरू महतो कर रहे थे। इस दौरान झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ व्यापक रूप से चर्चा हुई।
वहीं, खीरू महतो ने मुख्यमंत्री से झारखंड में 11 सीटों की मांग की। प्रदेश अध्यक्ष ने झरिया, टुंडी, मांडू, छतरपुर के साथ मांडर विधानसभा में सफलता पूर्वक आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन की रिपोर्ट भी सौंपी। प्रदेश नेतृत्व की बात को गंभीरतापूर्वक सुनते मुख्यमंत्री ने सकारात्मक आश्वासन दिया। साथ ही कहा कि वे पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष सहित भाजपा शीर्ष नेतृत्व के साथ बात करेंगे।
जदयू की प्राथमिकता में हैं 3 सीटें
तमाड़, पूर्वी जमशेदपुर, मांडू जैसी सीटें ऐसी हैं, जो जदयू की प्राथमिकता में शामिल हैं। हाल ही में पूर्व मंत्री राजा पीटर ने जदयू की सदस्यता ली है। माना जा रहा है कि पार्टी उन्हें तमाड़ सीट से उम्मीदवार बना सकती है। वहीं, पूर्वी जमशेदपुर के वर्तमान विधायक सरयू राय भी हाल ही में जदयू में शामिल हुए थे। वहीं खीरू महतो पूर्व में मांडू विधानसभा से विधायक भी रह चुके हैं।