
धनबाद: रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ट्रेनों के कोच में लगे ग्रेविटी नल की चोरी और उनकी खरीद-बिक्री के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में चोरी के नल बेचने वाला प्रमोद प्रसाद और चोरी का सामान खरीदने वाला कतरास बाजार स्थित गनौरी बर्तन दुकान का संचालक संजय कुमार कसेरा शामिल है। दोनों के पास से कुल 34 ग्रेविटी नल बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 18,360 रुपये बताई गई है।

आरपीएफ के अनुसार, गुरुवार को ट्रेन संख्या 22364 (अमृत भारत) में चोरी किए गए दो ग्रेविटी नल के साथ प्रमोद प्रसाद को रंगे हाथ पकड़ा गया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह पहले भी चोरी के नल कतरास बाजार स्थित गनौरी बर्तन दुकान में बेच चुका है।

इसके बाद आरपीएफ ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से दुकान में छापेमारी की। इस दौरान 32 ग्रेविटी नल बरामद हुए और दुकान संचालक संजय कुमार कसेरा को गिरफ्तार कर लिया गया।
मामले में आरपीएफ पोस्ट धनबाद में कांड संख्या 38/26 के तहत रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम की धारा 3 में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच की जिम्मेदारी उप निरीक्षक राधा कुमारी को सौंपी गई है।
पूछताछ के दौरान प्रमोद प्रसाद ने तीन अन्य सहयोगियों के शामिल होने की बात भी बताई। उसकी निशानदेही पर 23 अक्टूबर की रात धनसार थाना क्षेत्र में सत्यापन और छापेमारी की गई, लेकिन बताए गए व्यक्तियों का पता नहीं चल सका।
आरपीएफ ने आईसीजेएस के माध्यम से दोनों गिरफ्तार आरोपितों के आपराधिक इतिहास की जांच की। अधिकारियों के अनुसार, जांच में उनके खिलाफ पहले से कोई मामला दर्ज नहीं मिला।