
धनबाद। लोयाबाद क्षेत्र की कनकनी कोलियरी में रामअवतार आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा सेंद्रा-जोगता 11 नंबर क्षेत्र में ओबी (ओवरबर्डन) डंप किए जाने का ग्रामीणों ने जोरदार विरोध किया। सोमवार को दिन करीब 11 बजे बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण सेंद्रा जोरिया नदी के समीप पहुंचे और ओबी डंपिंग का काम रोकने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!ग्रामीणों का कहना था कि प्रस्तावित स्थान पर लगातार ओबी डंप किए जाने से आसपास के घरों पर खतरा बढ़ सकता है। उनका आरोप है कि अधिक मात्रा में ओबी जमा होने से भविष्य में उनके आवास धंसने की आशंका बनी रहेगी। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि वे इस स्थान पर ओबी डंप नहीं होने देंगे।
विरोध के दौरान कनकनी कोलियरी के पीओ धीरज कुमार सिन्हा और ग्रामीणों के बीच नोकझोंक भी हुई। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक तकरार की स्थिति बनी रही। बाद में पीओ धीरज कुमार सिन्हा और प्रबंधक रोहित कुमार ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।
ग्रामीणों के कड़े विरोध के बाद कोलियरी प्रबंधन ने दूसरी जगह ओबी डंप करने का आश्वासन दिया। साथ ही मंगलवार को कोलियरी कार्यालय में ग्रामीणों के साथ वार्ता करने पर सहमति बनी। इसके बाद ग्रामीणों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।
विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर जोगता थाना पुलिस के साथ बड़ी संख्या में सीआईएसएफ जवान भी तैनात रहे।
विरोध प्रदर्शन में रवि कुमार, इंद्रजीत भुइयां, पारो देवी, सोनबा देवी, चमेली देवी, पूनम देवी, गुड़िया देवी, अंजू देवी समेत दर्जनों महिला-पुरुष ग्रामीण शामिल थे।