बरवाअड्डा के जंगल में नकली शराब का खेल! छापेमारी में स्प्रिट, बोतलें और ब्रांडेड रैपर बरामद

बरवाअड्डा के जंगल में नकली शराब का खेल! छापेमारी में स्प्रिट, बोतलें और ब्रांडेड रैपर बरामद

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के साधोबाद गांव के पास ताराटांड़ जंगल में पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में जंगल के अंदर संचालित कथित नकली अंग्रेजी शराब निर्माण के ठिकाने का खुलासा हुआ।

पुलिस टीम ने मौके से कच्चा स्प्रिट, विभिन्न नामी अंग्रेजी शराब ब्रांडों के रैपर, बड़ी संख्या में खाली बोतलें, ढक्कन और पेटियों में पैक शराब की बोतलें बरामद की हैं। पुलिस को आशंका है कि जंगल की भौगोलिक स्थिति का फायदा उठाकर यहां नकली शराब तैयार कर अलग-अलग इलाकों में भेजी जा रही थी।

हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही धंधे में शामिल लोग अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से मिले सामान को जब्त कर लिया है और फरार आरोपियों की पहचान में जुटी है।

जांच में अब पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं, नकली शराब की सप्लाई कहां-कहां की जाती थी और इसके पीछे मुख्य संचालक कौन है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की जा रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। माना जा रहा है कि जांच आगे बढ़ने पर इस कारोबार से जुड़े कई और नाम सामने आ सकते हैं।

About Author

error: Content is protected !!