धनबाद पुलिस को मिलीं 40 नई महिंद्रा बोलेरो, डीसी-एसएसपी ने दिखाई हरी झंडी

धनबाद: जिले में पुलिस व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। पुलिस मुख्यालय, झारखंड की ओर से आवंटित 40 नई महिंद्रा बोलेरो वाहनों को शनिवार को धनबाद पुलिस केंद्र से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने नए वाहनों की विधिवत पूजा-अर्चना भी की।

उपायुक्त आदित्य रंजन ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नए वाहनों के मिलने से पुलिस की आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता पहले से अधिक मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि जिले के सभी थानों में अब गश्ती और अन्य पुलिस कार्यों के लिए पर्याप्त वाहन उपलब्ध हैं। साथ ही जल्द ही पुलिस कंट्रोल रूम को भी अतिरिक्त वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे।

वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि डायल-112 की रिस्पॉन्स टाइम को कम करने, कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा आम लोगों की सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से झारखंड सरकार ने धनबाद पुलिस को 40 नई बोलेरो उपलब्ध कराई हैं।
एसएसपी ने जानकारी दी कि इससे पहले धनबाद पुलिस को 40 बोलेरो और 115 बाइक मिल चुकी हैं, जबकि जल्द ही 45 से 50 नई मोटरसाइकिलें भी पुलिस बेड़े में शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि बेहतर पुलिसिंग और आम जनता की सुरक्षा झारखंड पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
फ्लैग ऑफ के बाद सभी नए वाहन अपने-अपने निर्धारित थानों के लिए रवाना कर दिए गए। इस अवसर पर सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, सभी डीएसपी सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे।