धनबाद में 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी तेज, शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम में होगा मुख्य कार्यक्रम

धनबाद में 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारी तेज, शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम में होगा मुख्य कार्यक्रम

धनबाद: जिले में 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित बैठक में मुख्य समारोह की तैयारियों की समीक्षा की गई। इस वर्ष जिले का मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम (गोल्फ ग्राउंड) में आयोजित होगा।
बैठक में उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि समारोह से जुड़ी सभी तैयारियां 13 अगस्त तक हर हाल में पूरी कर ली जाएं। उन्होंने समारोह स्थल पर साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, अग्निशमन वाहन, एंबुलेंस और चिकित्सकों की टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी सरकारी कार्यालयों, सरकारी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा स्वतंत्रता दिवस से पहले सरकारी भवनों की साफ-सफाई और रंग-रोगन कराने को कहा।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

ध्वजारोहण का कार्यक्रम
15 अगस्त को उपायुक्त सुबह 7:30 बजे बंदोबस्त कार्यालय, 8:00 बजे आवासीय कार्यालय, 9:00 बजे शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह तथा 10:00 बजे समाहरणालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इसके अलावा उप विकास आयुक्त, अनुमंडल दंडाधिकारी, एडीएम (विधि-व्यवस्था) और वरीय पुलिस अधीक्षक भी विभिन्न सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण करेंगे।

पहली बार जेआरडीए भवन में होगा ध्वजारोहण
इस वर्ष बेलगड़िया स्थित जेआरडीए प्रशासनिक भवन में पहली बार स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण किया जाएगा। समारोह में बेलगड़िया कॉलोनी के निवासियों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा।

9 से 13 अगस्त तक परेड का पूर्वाभ्यास
मुख्य समारोह की परेड में डीएपी, एनसीसी, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, जेएपी, होमगार्ड, भारतीय स्काउट एंड गाइड तथा ग्रामीण पुलिस के जवान भाग लेंगे। परेड का पूर्वाभ्यास 9 से 13 अगस्त तक शहीद रणधीर वर्मा स्टेडियम में होगा। वहीं 13 अगस्त को उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक तैयारियों का अंतिम निरीक्षण करेंगे।

सम्मान समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों और विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। 14 अगस्त की संध्या न्यू टाउन हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके अलावा 14 और 15 अगस्त की शाम शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और सरकारी भवनों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा।

पूरे जिले में रहेगा ड्राई डे
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे धनबाद जिले में ड्राई डे लागू रहेगा। बैठक में मंच संचालन, सुरक्षा व्यवस्था, आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था, परेड और सोशल मीडिया पर कार्यक्रम के लाइव प्रसारण सहित सभी व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

About Author

error: Content is protected !!