हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले में शनिवार देर रात एनटीपीसी के लिए कोयला परिवहन कर रहे एक हाईवा पर अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ चार राउंड फायरिंग कर सनसनी फैला दी। घटना बड़कागांव-हजारीबाग मुख्य मार्ग स्थित 13 माइल के पास हुई। वारदात के बाद अपराधी मौके पर कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम का एक पर्चा छोड़कर फरार हो गए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!घटना की सूचना मिलते ही कोयला परिवहन से जुड़े हाईवा चालकों और ट्रांसपोर्टिंग एजेंसियों में हड़कंप मच गया। बड़कागांव थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही घटनास्थल से मिले पर्चे की भी जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में पुलिस रंगदारी, दहशत फैलाने या किसी अन्य आपराधिक साजिश समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद एनटीपीसी के कोयला परिवहन मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है। साथ ही ट्रांसपोर्टिंग कंपनियों और वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटनास्थल पर छोड़ा गया पर्चा वास्तविक है या फिर जांच को गुमराह करने के उद्देश्य से छोड़ा गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।