धनबाद SNMMCH में गंभीर लापरवाही का आरोप: CT स्कैन के लिए 3 घंटे इंतजार, खून की उल्टी कर रहे मरीज और घायल मासूम तड़पते रहे

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद: धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH/PMCH) में गुरुवार को स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि अस्पताल में CT स्कैन टेक्नीशियन करीब तीन घंटे तक मौजूद नहीं था, जिसके कारण गंभीर मरीजों की आवश्यक जांच समय पर नहीं हो सकी।

जानकारी के अनुसार, कुसुंडा निवासी एक गंभीर मरीज, जिसे लगातार खून की उल्टी हो रही थी, उसे इमरजेंसी के डॉक्टरों की टीम ने तत्काल CT स्कैन कराने के लिए भेजा। बताया जा रहा है कि CT स्कैन कक्ष के बाहर इमरजेंसी के डॉक्टरों की टीम भी मौजूद थी और मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए जांच जल्द कराने का प्रयास कर रही थी। लेकिन CT स्कैन टेक्नीशियन के नहीं पहुंचने के कारण करीब तीन घंटे तक जांच शुरू नहीं हो सकी। परिजनों का आरोप है कि इस देरी से मरीज की हालत और बिगड़ती चली गई।

इसी दौरान टुंडी से आया एक मासूम बच्चा, जो छत से गिरने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गया था, उसे भी CT स्कैन के लिए लाया गया। बच्चे के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें थीं। इमरजेंसी के डॉक्टरों की टीम उसकी निगरानी कर रही थी, लेकिन CT स्कैन नहीं होने के कारण उसके इलाज में भी देरी हुई।

परिजनों का आरोप है कि आपातकालीन स्थिति में डॉक्टरों की टीम मौजूद रहने के बावजूद तकनीकी कर्मी की अनुपस्थिति से गंभीर मरीजों को समय पर जांच नहीं मिल सकी। उनका कहना है कि ऐसी लापरवाही मरीजों की जान के साथ खिलवाड़ के समान है।

इस घटना के बाद SNMMCH की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक अस्पताल प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

About Author

error: Content is protected !!