धनबाद में अवैध गौ-तस्करी का भंडाफोड़, गौ रक्षकों ने 5 मवेशी कराए मुक्त; चालक- मालिक फरार

बैंकमोड़ में गौ-तस्करी का खुलासा, 5 मवेशी बरामद

धनबाद: बैंकमोड़ थाना क्षेत्र में गौ रक्षकों की सतर्कता से अवैध गौ-तस्करी के एक मामले का खुलासा हुआ है। गौ रक्षा दल के सदस्यों ने मवेशियों से लदे एक वाहन को पकड़कर उसमें से 3 गाय और 2 बछिया सहित कुल 5 मवेशियों को मुक्त कराया। हालांकि वाहन का चालक और मालिक मौके से फरार हो गए।

गौ रक्षा दल के सक्रिय सदस्य अक्षत पासवान ने बताया कि सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच उन्हें अवैध मवेशी तस्करी की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने बैंकमोड़ थाना क्षेत्र के पास घेराबंदी कर निगरानी शुरू की। करीब दो से तीन घंटे तक इंतजार करने के बाद संदिग्ध वाहन दिखाई दिया, जिसका पीछा कर उसे रोक लिया गया।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रस्सियों से क्रूरतापूर्वक बांधी गई 3 गाय और 2 बछिया मिलीं। गौ रक्षा दल का आरोप है कि इन मवेशियों को अवैध रूप से वासेपुर की ओर कसाईखाने ले जाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान चालक और वाहन मालिक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।
गौ रक्षा दल ने पुलिस प्रशासन से वाहन के नंबर के आधार पर फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और क्षेत्र में सक्रिय गौ-तस्करी गिरोह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।