कतरास कॉलेज के पास दर्दनाक हादसा, ट्रेलर ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौत के बाद 5 घंटे जाम

बाघमारा: कतरास कॉलेज के समीप एनएच-32 पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय विवेक कुमार गुप्ता उर्फ सागर की ट्रेलर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। विवेक बाइक से भट्टमुरना की ओर जा रहा था, तभी पानी टंकी के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे कुचल दिया। वह भट्टमुरना मोड़ निवासी संजय गुप्ता का पुत्र था और स्थानीय बाजार में बर्तन की दुकान चलाता था।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने मुआवजे और सड़क सुरक्षा की मांग को लेकर शव के साथ एनएच-32 को करीब चार से पांच घंटे तक जाम रखा। प्रशासन द्वारा सरकारी प्रावधान के तहत सहायता का आश्वासन मिलने के बाद जाम समाप्त हुआ और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कतरास कॉलेज के आसपास का यह हिस्सा लंबे समय से दुर्घटना संभावित बना हुआ है। उनका आरोप है कि यहां पर्याप्त स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेत और अन्य सुरक्षा उपायों का अभाव है, जिसके कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। लोगों ने इस मार्ग पर तत्काल स्थायी सड़क सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की है।