नेमोरी जंगल में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, चार साल के पेड़ों की अवैध लकड़ी जब्त, माफिया फरार

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

टुंडी (धनबाद): पश्चिमी टुंडी के नेमोरी जंगल में अवैध रूप से साल के पेड़ों की कटाई और लकड़ी तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार विशाल साल के पेड़ों के 16 टुकड़े जब्त किए हैं। हालांकि छापेमारी की भनक लगते ही लकड़ी माफिया मौके से फरार हो गया।

वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि नेमोरी जंगल में अवैध रूप से साल के पेड़ों की कटाई कर लकड़ी की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर प्रभारी फॉरेस्टर मनोज राय के नेतृत्व में टीम ने शनिवार को छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान जंगल से चार मोटे साल के पेड़ों के कुल 16 टुकड़े बरामद किए गए, जिन्हें जब्त कर टुंडी वन कार्यालय लाया गया।

प्रभारी फॉरेस्टर मनोज राय ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद लकड़ी तस्करी में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ वन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज करते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

छापेमारी अभियान में प्रभारी फॉरेस्टर मनोज राय के अलावा प्रकाश टुडू, ओमप्रकाश कुमार, शाहिद अली, पूर्णचंद दत्ता समेत वन विभाग के कई कर्मी शामिल थे।

वन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध लकड़ी कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। विभाग का कहना है कि जंगलों की अवैध कटाई और तस्करी के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा।

About Author

error: Content is protected !!