गैंगस्टर प्रिंस खान से सांसद ढुल्लु महतो को धमकी, ऑडियो क्लिप जारी; कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

सांसद बोले— जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं, तो आम जनता का क्या होगा; अपराधियों के लिए सख्त कानून की मांग

धनबाद: धनबाद के सांसद ढुल्लु महतो ने दावा किया है कि उन्हें फरार गैंगस्टर प्रिंस खान की ओर से कई बार धमकियां मिली हैं। सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में सांसद ने बताया कि 1 तारीख को दिल्ली यात्रा के दौरान उन्हें धमकी मिली थी, जबकि शुक्रवार शाम एक विदेशी नंबर से भी कॉल आया। उन्होंने कहा कि इस मामले की शिकायत पहले ही धनबाद के एसएसपी और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से की जा चुकी है। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कथित धमकी भरी ऑडियो क्लिप भी सार्वजनिक की।
सांसद ने झारखंड की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण करना राज्य सरकार और जिला प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले वे केंद्रीय गृह मंत्री को पत्र लिखकर धनबाद को अपराध मुक्त बनाने की मांग कर चुके हैं।
ढुल्लु महतो ने अपराधियों के खिलाफ और अधिक सख्त कानून बनाने की मांग करते हुए कहा कि गुंडे, बदमाश, अपराधी और माफिया के लिए कड़े कानूनी प्रावधान होने चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधियों के लिए फांसी जैसी कठोर सजा का प्रावधान करने पर भी विचार होना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में झारखंड में बीजेपी की सरकार बनती है, तो अपराधियों के खिलाफ और सख्त कानून बनाने का प्रयास किया जाएगा।
प्रेस वार्ता के दौरान सांसद ने बिना किसी का नाम लिए अपने राजनीतिक विरोधियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग उनके नाम का इस्तेमाल कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि धनबाद के विकास कार्यों को किसी भी कीमत पर रुकने नहीं दिया जाएगा।
विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए सांसद ने कहा कि एयरपोर्ट, पुल और फ्लाईओवर जैसे महत्वपूर्ण कार्यों पर गंभीर चर्चा होनी चाहिए, लेकिन कुछ लोग केवल श्रेय लेने की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने गयापुल–मटकुरिया फ्लाईओवर, गोविंदपुर एलिवेटेड फ्लाईओवर और निरसा एलिवेटेड फ्लाईओवर का जिक्र करते हुए कहा कि जो लोग इन परियोजनाओं का श्रेय ले रहे हैं, वे अपना वास्तविक योगदान भी बताएं।