देवघर पुलिस की बड़ी सफलता: वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार, 9 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद

देवघर: देवघर पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 09 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर 03 जुलाई 2026 को चलाए गए एंटी क्राइम चेकिंग एवं अड्डेबाजी विरोधी अभियान के दौरान पालाजोरी थाना पुलिस ने अनारकली हाई स्कूल के समीप छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को चोरी की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय चार (32 वर्ष), निवासी खामारबाद, थाना बिन्दापाथर, जिला जामताड़ा के रूप में हुई। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने धीरेन मंडल (21 वर्ष), निवासी जसोबांध, थाना पथरौल, जिला देवघर तथा केदार मंडल (38 वर्ष), निवासी बड़बाड़, थाना चितरा, जिला देवघर को भी गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे विभिन्न क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें कम कीमत पर बेचते थे और अवैध लाभ कमाते थे। आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई कुल 09 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
देवघर पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के नेटवर्क की पहचान के लिए जांच जारी है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर
– वरिष्ठ नागरिक सुरक्षा हेल्पलाइन: 9296913007
– व्हाट्सएप चैटबॉट: 9296913006
– साइबर हेल्पलाइन: 1930
– कंट्रोल रूम: 112 / 9241821642