कुमारधुबी चौक पर सट्टेबाजी के वर्चस्व को लेकर भिड़े दो गुट, मारपीट का वीडियो वायरल

कुमारधुबी चौक पर सट्टेबाजी के वर्चस्व को लेकर भिड़े दो गुट, मारपीट का वीडियो वायरल

अवैध लॉटरी और ऑनलाइन सट्टे के कारोबार में पैसों के विवाद की चर्चा, पुलिस ने शुरू की जांच

धनबाद: धनबाद जिले के कुमारधुबी चौक से मारपीट का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें दो गुटों के लोग बीच सड़क पर एक-दूसरे के साथ जमकर मारपीट करते नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार यह विवाद अवैध लॉटरी और ऑनलाइन सट्टेबाजी के कारोबार में वर्चस्व और पैसों के लेन-देन को लेकर हुआ। घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है।
सूचना मिलते ही कुमारधुबी और चिरकुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही मारपीट में शामिल अधिकांश लोग मौके से फरार हो गए।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक निरसा अनुमंडल क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टेबाजी का अवैध कारोबार लंबे समय से संचालित होने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में इस कारोबार को लेकर विभिन्न समूहों के बीच वर्चस्व की लड़ाई तेज हुई है।
जानकारी के अनुसार ऑनलाइन सट्टे में कथित गड़बड़ी और पैसों के हिसाब-किताब को लेकर विवाद शुरू हुआ था। आरोप है कि एक पक्ष के युवक को पहले मैथन बुलाकर धमकाया गया, जिसके बाद मामला बढ़ता गया और दूसरा पक्ष कुमारधुबी चौक पहुंच गया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई।
अवैध कारोबार से जुड़े होने के कारण अब तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि पुलिस ने वायरल वीडियो और अन्य सूचनाओं के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की है।
इस संबंध में धनबाद ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है और जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि धनबाद जिले में अवैध लॉटरी और ऑनलाइन सट्टेबाजी के बढ़ते कारोबार को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। कई सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने भी इस पर चिंता जताई है। ऐसे में अब लोगों की नजर पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

About Author

error: Content is protected !!