सरकारी बस ने ट्रक को मारी टक्कर, 5 यात्रियों की मौत, 21 घायल; मुआवजे की घोषणा

सरकारी बस ने ट्रक को मारी टक्कर, 5 यात्रियों की मौत, 21 घायल; मुआवजे की घोषणा

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 यात्री घायल हो गए। हादसा मयनागुड़ी थाना क्षेत्र के उल्लाडाबरी इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर हुआ, जहां एक सरकारी यात्री बस ने सड़क किनारे खड़े ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, बस सिलीगुड़ी से कूचबिहार जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस तेज रफ्तार में थी और चालक नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बस सीधे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों, पुलिस और दमकल कर्मियों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को पहले मयनागुड़ी ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जलपाईगुड़ी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
मृतकों में जमुना राय, सजल सरकार, शुभंकर शील और पंपा दास साहा की पहचान हो चुकी है, जबकि एक अन्य मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों के अनुसार कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
दुर्घटना के कारण एनएच-27 पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद हटाकर यातायात सामान्य कराया।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 1 लाख रुपये तथा मामूली रूप से घायल लोगों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

About Author

error: Content is protected !!