दिनदहाड़े आटा मिल कर्मी की गोली मारकर हत्या, कलेक्शन कर लौट रहे कर्मचारी पर बाइक सवार बदमाशों ने बरसाईं गोलियां

दिनदहाड़े आटा मिल कर्मी की गोली मारकर हत्या, कलेक्शन कर लौट रहे कर्मचारी पर बाइक सवार बदमाशों ने बरसाईं गोलियां

गोंदूडीह के खेरकाबाद में वारदात से सनसनी, लूट और रंजिश दोनों एंगल पर जांच में जुटी पुलिस

धनबाद: जिले के गोंदूडीह ओपी क्षेत्र में रविवार दोपहर अपराधियों ने दिनदहाड़े एक आटा मिल कर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना खेरकाबाद स्थित 7 नंबर हिलटॉप आउटसोर्सिंग के समीप हुई, जहां बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने पैसे कलेक्शन कर लौट रहे कर्मचारी को निशाना बनाया।

मृतक की पहचान झरिया थाना क्षेत्र के बस्ताकोला निवासी 45 वर्षीय उमेश यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उमेश यादव गोधर स्थित एक आटा मिल में पिछले कई वर्षों से कार्यरत थे और ग्राहकों से भुगतान वसूली (कलेक्शन) का जिम्मा संभालते थे।
जानकारी के अनुसार, रविवार को भी वह विभिन्न ग्राहकों से पैसे लेकर बाइक से वापस मिल लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही उमेश यादव सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर गोंदूडीह ओपी, भूली ओपी और केंदुआडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के भाई राजेश यादव ने आशंका जताई है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या लूट की वारदात हो सकती है।
वहीं आटा मिल के मालिक रतन अग्रवाल ने बताया कि उमेश यादव पिछले 7-8 वर्षों से उनके यहां कार्यरत थे और कलेक्शन का काम देखते थे। रविवार सुबह करीब 11 बजे वह पैसे लेने के लिए निकले थे। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय उनके पास कितनी राशि थी।
ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। लूट, आपसी रंजिश और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन छानबीन की जा रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

About Author

error: Content is protected !!