साइबर अपराधियों को बैंक खाते उपलब्ध कराने वाला साइबर अपराधी गिरफ्तार, 7 एटीएम कार्ड और 6 सिम बरामद
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद: धनबाद साइबर थाना पुलिस ने साइबर अपराधियों को बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तीसरा थाना क्षेत्र निवासी संतोष कुमार गोराई के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी लोगों को झांसा देकर उनके नाम पर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाता था। इसके बदले वह खाताधारकों को करीब 5 हजार रुपये देता था और उनसे बैंक खाते से लिंक एटीएम कार्ड तथा रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर का सिम अपने पास रख लेता था।
जांच में सामने आया है कि आरोपी इन बैंक खातों, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड को साइबर अपराधियों को 20 से 25 हजार रुपये में बेच देता था। इन खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी और अन्य साइबर अपराधों में किया जाता था।
साइबर डीएसपी ने प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुराना बरवाअड्डा थाना के सामने स्थित कृष्णा इंटरनेट कैफे में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान संतोष कुमार गोराई को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन, 6 सिम कार्ड और विभिन्न बैंकों के 7 एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी तीसरा थाना में मामला दर्ज है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।