प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह, युवक की गला रेतकर हत्या का खुलासा, प्रेमिका गिरफ्तार

धनबाद: भौरा ओपी क्षेत्र के काली मेला दामोदर नदी किनारे स्थित श्मशान घाट के पास मिले युवक के हत्या मामले का धनबाद पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे त्रिकोणीय प्रेम प्रसंग की कहानी छिपी थी। मामले में मृतक की प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार 31 मई 2026 को काली मेला दामोदर नदी किनारे श्मशान घाट के पास एक युवक का गला रेतकर हत्या किया हुआ शव बरामद हुआ था। बाद में उसकी पहचान बोर्रागढ़ होरलाडीह निवासी 24 वर्षीय दिलशाद अंसारी के रूप में हुई। घटना के बाद अज्ञात अपराधियों के खिलाफ जोरापोखर थाना कांड संख्या 65/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

मामले के खुलासे के लिए सिंदरी एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। जांच टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन और गुप्त सूचनाओं के आधार पर मामले की कड़ियों को जोड़ा।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दिलशाद अंसारी की प्रेमिका कोमल वर्णवाल और उसके होने वाले पति रोशन कुमार ने मिलकर हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता के रूप में कोमल वर्णवाल (21) को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त खून लगा चाकू, मृतक का मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वैज्ञानिक और तकनीकी जांच के आधार पर मामले का सफल उद्भेदन किया गया है। फरार आरोपी रोशन कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।