रोजगार की तलाश बनी काल: गुजरात में धनबाद के मजदूर की मौत, पूर्वी टुंडी के दलदली गांव में पसरा मातम
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रिपोर्ट: रोहित मंडल, पूर्वी टुंडी, धनबाद

धनबाद जिले के पूर्वी टुंडी प्रखंड अंतर्गत चुरुरिया पंचायत के दलदली गांव में उस वक्त मातम पसर गया, जब ग्रामीणों को यह दुखद सूचना मिली कि गांव के एक मजदूर की गुजरात में काम के दौरान मौत हो गई है। मृतक की पहचान दलदली गांव निवासी मनोज मरांडी के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार मनोज मरांडी गुजरात की एक निजी कंपनी में मजदूरी का कार्य करता था। इसी दौरान कार्यस्थल पर हुए एक भीषण हादसे का वह शिकार हो गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। कंपनी प्रबंधन ने फोन के माध्यम से घटना की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।

मनोज की असमय मौत की खबर सुनते ही उसकी पत्नी, वृद्ध माता-पिता और दोनों मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि मनोज परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था और उसी की कमाई से पूरे परिवार का भरण-पोषण होता था।

घटना के बाद पूरे दलदली गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में कई घरों के चूल्हे तक नहीं जले। हर आंख नम है और लोग परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हुए हैं।
इस घटना ने एक बार फिर झारखंड से बड़े पैमाने पर हो रहे पलायन और स्थानीय स्तर पर रोजगार की कमी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि राज्य में रोजगार के पर्याप्त अवसर होते, तो गरीब मजदूरों को अपनी जान जोखिम में डालकर दूसरे राज्यों में काम करने नहीं जाना पड़ता।
घटना के बाद चुरुरिया पंचायत के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों ने झारखंड सरकार और जिला प्रशासन से मृतक के परिवार को तत्काल उचित मुआवजा, सरकारी सहायता राशि तथा मृतक की पत्नी के लिए रोजगार या पेंशन की व्यवस्था करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते गांव और प्रखंड स्तर पर रोजगार की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में और भी कई परिवार इस तरह की त्रासदी का शिकार हो सकते हैं।