टुंडी में अकीदत और सौहार्द के साथ अदा की गई ईद-उल-अजहा की नमाज, अमन-चैन की मांगी दुआ

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

टुंडी। बृहस्पतिवार अहले सुबह बलिदान के पर्व ईद-उल-अजहा (बकरीद) को लेकर टुंडी प्रखंड के विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में अकीदत के साथ नमाज अदा की गई। नमाज के दौरान लोगों ने देश की तरक्की, अमन-चैन, भाईचारा और खुशहाली की दुआ मांगी। पूरे क्षेत्र में पर्व को लेकर उत्साह और धार्मिक आस्था का माहौल देखने को मिला।

बकरीद मुसलमानों का दूसरा प्रमुख त्योहार माना जाता है, जो हजरत इब्राहिम अलैहिस्सलाम की महान कुर्बानी और अल्लाह के प्रति उनकी अटूट आस्था की याद में मनाया जाता है। यह पर्व इंसान को त्याग, समर्पण और इंसानियत का संदेश देता है। धर्मगुरुओं ने बताया कि कुर्बानी का असली मकसद सिर्फ रस्म निभाना नहीं, बल्कि अपने भीतर अल्लाह के प्रति सच्ची निष्ठा और त्याग की भावना पैदा करना है।

टुंडी क्षेत्र के बिसनीपतरा, कोकरद, टुंडी, संग्रामडीह, ऊपर भोजुडीह, लच्छुराईडीह, कोटालडीह समेत दक्षिणी टुंडी के कारीगरडीह, छाताबाद, कदैयां, अगलीबाद, करमाटांड़, गोसाईडीह तथा पश्चिमी टुंडी के सर्रा, मछियारा, भुसकी, कूदाटांड़, फतेहपुर और पूर्वी टुंडी के चालधोवा, घुरनीबेरा, दुम्मा, रघुनाथपुर सहित कई गांवों में लोगों ने सामूहिक रूप से नमाज अदा की।

नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। वहीं अपनी सामर्थ्य के अनुसार कुर्बानी का सिलसिला भी शुरू हुआ, जो निर्धारित समय अनुसार आगामी दो दिनों तक जारी रहेगा।

पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। टुंडी, मानियाडीह एवं पूर्वी टुंडी थाना प्रभारी के नेतृत्व में विभिन्न गांवों में फ्लैग मार्च निकाला गया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।

इधर, टुंडी बीडीओ विशाल कुमार पांडेय एवं सीओ सुरेश बरनवाल ने क्षेत्रवासियों को ईद-उल-अजहा की शुभकामनाएं देते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की।

About Author

error: Content is protected !!