
#धनबाद : धनबाद जिले के मैथन ओपी क्षेत्र में साधु का भेष बनाकर महिलाओं को ठगी का शिकार बनाने वाले तीन युवकों को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

आरोप है कि तीनों युवकों ने पूजा-पाठ और टोना-टोटका के नाम पर एक महिला को झांसे में लेकर उसके सोने के आभूषण और नकदी ठग ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सतर्कता से भाग रहे तीनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। फिलहाल मैथन पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

भुक्तभोगी महिला अंजू मंडल ने बताया कि तीनों युवक साधु के वेश में उसके घर पहुंचे थे। पानी पीने के बहाने घर में प्रवेश करने के बाद उन्होंने धार्मिक बातें शुरू कर दीं। आरोपियों ने कहा कि घर के गहनों को मंत्र पढ़कर शुद्ध करने से परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी और किसी प्रकार की परेशानी नहीं आएगी। साधु के भेष और मीठी बातों में आकर महिला ने अपने जेवरात और कुछ पैसे निकालकर उन्हें दे दिए।

इसके बाद आरोपियों ने गहनों को कपड़े में बांधने का नाटक किया और महिला को एक साड़ी में गांठ बांधकर थमा दिया। कुछ देर बाद महिला को शक हुआ। उसने पड़ोस की महिलाओं को बुलाकर गांठ खुलवाई तो उसमें गहने नहीं थे। यह देख महिला के होश उड़ गए और उसने शोर मचा दिया।

महिला की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। ग्रामीणों ने पीछा करते हुए गैलेक्सी सिटी के पास ऑटो से भाग रहे तीनों युवकों को पकड़ लिया। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची मैथन पुलिस तीनों को हिरासत में लेकर थाना ले गई।
बताया जा रहा है कि पकड़े गए तीनों युवक बिहार के रहने वाले हैं। मैथन पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपियों ने इससे पहले भी इलाके में इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं। पुलिस तीनों से लगातार पूछताछ कर रही है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।