
हजारीबाग: जिले में विधि-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने बड़े पैमाने पर पुलिस पदाधिकारियों का तबादला किया है। जारी आदेश के अनुसार कई पुलिस निरीक्षक, पु0अ0नि0 एवं थाना प्रभारियों को तत्काल प्रभाव से नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
जारी सूची में बरही, सदर, विष्णुगढ़, चौपारण, बड़कागांव, दारू, कटकमदाग, मुफ्फसिल, केरेडारी, गोरहर, बरकठा समेत कई थाना क्षेत्रों में फेरबदल किया गया है। प्रशासन का मानना है कि इस बदलाव से जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
सूची के अनुसार कई अधिकारियों को थाना प्रभारी के रूप में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि कुछ अधिकारियों को ओपी एवं पुलिस केंद्र में पदस्थापित किया गया है। महिला थाना, साइबर थाना एवं यातायात थाना में भी बदलाव किए गए हैं।
पुलिस विभाग की ओर से जारी आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है। जिले में हुए इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को लेकर पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।