धनबाद में प्रिंस खान गैंग का बड़ा पर्दाफाश: ‘मेजर’ गिरफ्तार, पाकिस्तान और आतंकी कनेक्शन का खुलासा

धनबाद में प्रिंस खान गैंग का बड़ा पर्दाफाश: ‘मेजर’ गिरफ्तार, पाकिस्तान और आतंकी कनेक्शन का खुलासा

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रंगदारी, हत्याएं, हवाला और 100+ बैंक खातों का नेटवर्क… SSP की सख्त चेतावनी

झारखंड के धनबाद में लंबे समय से आतंक और रंगदारी का पर्याय बने कुख्यात अपराधी प्रिंस खान गैंग को लेकर पुलिस ने अब तक का सबसे बड़ा खुलासा किया है। गैंग के अहम सदस्य सैयद अब्बास नकवी उर्फ सैफी उर्फ ‘मेजर’ की गिरफ्तारी के बाद कई चौंकाने वाले राज सामने आए हैं, जिससे न केवल अपराध जगत बल्कि सुरक्षा एजेंसियों में भी हलचल मच गई है।
धनबाद पुलिस ने ‘मेजर’ को कोलकाता एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर धनबाद लाया, जहां गहन पूछताछ में उसने गैंग के पूरे नेटवर्क का खुलासा कर दिया। बुधवार को एसएसपी प्रभात कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि मेजर पिछले कई वर्षों से प्रिंस खान गैंग का सक्रिय सदस्य था और जिले में रंगदारी, गोलीबारी और बमबाजी जैसी घटनाओं में उसकी सीधी भूमिका रही है।

तकनीकी और फाइनेंशियल नेटवर्क संभालता था ‘मेजर’
पूछताछ में सामने आया कि ‘मेजर’ गैंग का टेक्निकल और फाइनेंशियल मैनेजर था। वह वर्चुअल नंबर के जरिए धमकी भरे कॉल करवाता था और रंगदारी से वसूली गई रकम को हवाला, बैंक ट्रांसफर और बिटकॉइन के जरिए गैंग लीडर प्रिंस खान तक पहुंचाता था। पुलिस के अनुसार इस नेटवर्क में 100 से अधिक बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया।

पाकिस्तान कनेक्शन और आतंकी लिंक का खुलासा
पूछताछ में यह भी सामने आया कि पुलिस दबाव बढ़ने के बाद प्रिंस खान दुबई से भागकर पाकिस्तान चला गया है। वहां उसने प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से कथित रूप से संबंध बना लिया है।
इस खुलासे के बाद मामला सिर्फ अपराध तक सीमित नहीं रहा, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा से भी जुड़ गया है।

गैंग में दरार और अंदरूनी विवाद
‘मेजर’ ने यह भी बताया कि पाकिस्तान जाने के मुद्दे पर गैंग के अंदर मतभेद हो गए थे, जिसके बाद उसे गैंग से अलग कर दिया गया था। इसके बावजूद वह नेटवर्क और गतिविधियों की अहम जानकारी रखता था।

कई सनसनीखेज हत्याओं में संलिप्तता
मेजर ने पूछताछ में कई बड़े मामलों में अपनी भूमिका स्वीकार की है, जिनमें शामिल हैं:

रंजीत सिंह हत्याकांड
नन्हें खान मर्डर केस
उपेंद्र सिंह हत्या कांड

खास तौर पर वर्ष 2023 में हुए उपेंद्र सिंह हत्याकांड को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, इस हत्या में उपेंद्र सिंह की पत्नी का किसी ओर से अवैध संबंध था जिसके कारण उसने साजिश रची थी और इसमें प्रिंस खान गैंग की मदद से उपेन्द्र सिंह की हत्या करवाई थी।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि कुछ समय पहले तक गैंग हर महीने करीब 1 करोड़ रुपये की रंगदारी वसूल रहा था। हालांकि पुलिस दबाव के कारण यह रकम अब घट गई है।

मेजर के अनुसार, उसके अलग होने के बाद गैंग का संचालन प्रिंस खान के भाई गोपी खान, उसके रिश्तेदार ऋत्विक खान और आदिल कर रहे हैं। वहीं दुबई में रह रही उसकी पत्नियां भी नेटवर्क को संचालित करने में भूमिका निभा रही हैं।

जांच में यह भी सामने आया कि गैंग ने दहशत फैलाने के लिए कुछ मीडिया से जुड़े लोगों का इस्तेमाल किया। इसके अलावा कुछ सफेदपोश और राजनीतिक संपर्कों की भी जांच की जा रही है।

एसएसपी प्रभात कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अभी भी कुछ व्यापारी प्रिंस खान को पैसे भेज रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी:
“अब प्रिंस खान को पैसा भेजना मतलब आतंकवाद को फंडिंग करना है।”

फिलहाल धनबाद पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

About Author

error: Content is protected !!