कोवाबांध-गोविंदपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, परीक्षा देने जा रहे छात्र की मौत

कोवाबांध-गोविंदपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, परीक्षा देने जा रहे छात्र की मौत

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोवाबांध में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में परीक्षा देने जा रहे एक छात्र की मौत हो गई। इस घटना से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतक की पहचान नितेश कुमार चौधरी के रूप में हुई है, जो राजगंज स्थित डिग्री कॉलेज का प्रथम सेमेस्टर का छात्र था। जानकारी के अनुसार, नितेश “अंडरस्टैंडिंग इंडिया” विषय की सेमेस्टर परीक्षा देने के लिए आर.एस. मोर कॉलेज जा रहा था। परीक्षा दूसरी पाली में दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक निर्धारित थी।
बताया जा रहा है कि कोवाबांध के पास अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नितेश की मौके पर ही मौत हो गई।
एडमिट कार्ड के अनुसार, मृतक के पिता का नाम राम नारायण चौधरी है। घटना की सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने और तेज रफ्तार पर नियंत्रण की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

About Author

error: Content is protected !!