तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग बनी हादसे की वजह, निरसा में ट्रक पलटा — चालक-उपचालक सुरक्षित
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
निरसा : दुर्गापुर से गोरखपुर लोहे का तार लेकर जा रहा एक ट्रक (संख्या BR24GD 9951) निरसा थाना क्षेत्र के कालिमाता के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में राहत की बात यह रही कि चालक और उपचालक दोनों बाल-बाल बच गए, हालांकि उन्हें मामूली चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, ट्रक दुर्गापुर से गोरखपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान कालिमाता के पास अचानक संतुलन बिगड़ने से ट्रक सड़क पर पलट गया, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रक तेज रफ्तार में था और ओवरलोड भी था। साथ ही चालक के शराब के नशे में होने की भी आशंका जताई जा रही है। लोगों के मुताबिक, तेज गति और अधिक भार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे यह हादसा हुआ।
वहीं, चालक ने अपनी सफाई में बताया कि मुगमा ओवरब्रिज के डाउन में एक चार पहिया वाहन अचानक सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।