LPG की किल्लत के बीच झांसी से 524 गैस सिलेंडर से भरा ट्रक चोरी, हाइवे पर मिला खाली वाहन
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मिडिल ईस्ट में ईरान, संयुक्त राज्य अमेरिका और इज़राइल के बीच जारी तनाव और युद्ध के कारण पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति को लेकर पूरी दुनिया में चिंता बढ़ गई है। जंग की वजह से तेल और गैस की सप्लाई प्रभावित हो रही है। इसी बीच झांसी से रसोई गैस सिलेंडरों से भरा एक ट्रक चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिससे हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक ट्रक में करीब 524 भरे हुए एलपीजी गैस सिलेंडर लदे थे, जिनकी कीमत लगभग 18 लाख रुपये बताई जा रही है। यह मामला सीपरी बाजार थाना क्षेत्र का है। ट्रक मालिक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ट्रक मालिक नीरज अग्रवाल के अनुसार उनका ट्रक नंबर UP 93 BT 3341 भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के करारी स्थित प्लांट से जुड़ा हुआ है। 2 मार्च को प्लांट से 524 गैस सिलेंडर ट्रक में लोड किए गए थे, जिन्हें कानपुर देहात के गजनेर भेजा जाना था।
रास्ते में ट्रक अचानक गायब हो गया। बाद में पुलिस को हाइवे किनारे खाली ट्रक बरामद हुआ, जबकि सभी गैस सिलेंडर गायब थे। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
फिलहाल पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि यह संगठित गिरोह की करतूत है या अंदरूनी मिलीभगत से ट्रक चोरी किया गया है।