13 दिन बाद सुरक्षित मिले रांची से लापता दो मासूम बच्चे, बजरंग दल रामगढ़ ने किया बरामद

रांची/रामगढ़ | 14 जनवरी 2025

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वा क्षेत्र से बीते 2 जनवरी से लापता दो मासूम बच्चे अंश कुमार राय और अंशिका कुमारी को आखिरकार 13वें दिन सुरक्षित बरामद कर लिया गया। दोनों बच्चों को बजरंग दल रामगढ़ जिला के युवकों ने रामगढ़ जिले के चितरपुर प्रखंड अंतर्गत पहाड़ियां जहाने इलाके से खोज निकाला और पुलिस के हवाले कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बजरंग दल चितरपुर इकाई द्वारा चलाए जा रहे खोज अभियान के दौरान बच्चों को एक गुलगुलिया दंपति के पास देखा गया। तत्परता दिखाते हुए बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बच्चों को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

बजरंग दल ने चलाया था व्यापक खोज अभियान

दोनों बच्चों के लापता होने के बाद बजरंग दल रामगढ़ जिला द्वारा एक व्यापक खोज अभियान चलाया गया था। अभियान के तहत जिले के सभी प्रखंडों में संगठन के कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया गया। विशेष रूप से उन स्थानों पर तलाशी ली जा रही थी, जहां गुलगुलिया व मांग कर जीवनयापन करने वाले लोग रहते हैं।

चितरपुर बजरंग दल की अहम भूमिका

बुधवार को बजरंग दल चितरपुर समिति के कार्यकर्ता सचिन प्रजापति, बबलू साहू और सन्नी द्वारा पहाड़ियां जहाने क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इसी दौरान दोनों मासूम बच्चों को गुलगुलिया दंपति के साथ पाया गया। इसके बाद बच्चों समेत दंपति को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

रजरप्पा पुलिस बच्चों और गुलगुलिया दंपति को रामगढ़ पुलिस मुख्यालय ले गई है। मामले से संबंधित विस्तृत जानकारी पुलिस द्वारा प्रेस कांफ्रेंस के माध्यम से दी जाएगी।

इनाम की घोषणा और क्षेत्र में सराहना

गौरतलब है कि बच्चों की सकुशल बरामदगी के लिए दो लाख रुपये के इनाम की घोषणा भी की गई थी। बच्चों के सुरक्षित मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की भूमिका की खूब सराहना हो रही है और संगठन की सक्रियता की चर्चा हर ओर है।

About Author

error: Content is protected !!