दिल्ली धमाके के बाद धनबाद में हाई अलर्ट, रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में RPF का सघन सर्च अभियान

दिल्ली धमाके के बाद धनबाद में हाई अलर्ट, रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में RPF का सघन सर्च अभियान

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद। दिल्ली में हुए बम धमाके के बाद धनबाद में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। इसी कड़ी में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को धनबाद रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) ने रेलवे स्टेशन परिसर और यहां से गुजरने वाली ट्रेनों में सघन सर्च अभियान चलाया।

डॉग स्क्वॉड (खोजी कुत्तों) की मदद से यह विशेष अभियान चलाया गया। आरपीएफ की टीम ने प्लेटफॉर्म, वेटिंग रूम, सर्कुलेटिंग एरिया के साथ-साथ सभी आने-जाने वाली ट्रेनों के डिब्बों और यात्रियों के सामान की बारीकी से जांच की। इस दौरान किसी भी संदिग्ध वस्तु, व्यक्ति और भीड़-भाड़ वाले कोचों पर विशेष ध्यान दिया गया।

यात्रियों ने इस व्यापक सुरक्षा अभियान का स्वागत किया। एक यात्री ने कहा कि “दिल्ली में धमाका एक दुखद घटना थी, जिससे मन में चिंता थी। लेकिन RPF की इस सघन जांच से हम खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।”

दिल्ली में हुई घटना के मद्देनजर धनबाद जिला पुलिस, RPF और GRP पूरी तरह मुस्तैद हैं। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। यात्रियों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत रेलवे पुलिस को दें।

सीटी एसपी धनबाद ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि सोमवार रात से ही पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिलेभर में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें मोटर व्हीकल, होटल, लॉज और अन्य संवेदनशील स्थलों पर जांच की जा रही है। बाहर से आने वाले यात्रियों की भी सख्ती से जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि “जिला पुलिस पूरी तरह अलर्ट पर है और सरकार के निर्देशों का अनुपालन कर रही है। दिल्ली की घटना के बाद सतर्कता और सुरक्षा दोनों स्तरों पर बढ़ाई गई है।”

 

About Author

error: Content is protected !!