कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दौरान बड़ा हादसा — पांच युवक नदी की धारा में बहे, तीन को बचाया गया, दो लापता

कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दौरान बड़ा हादसा — पांच युवक नदी की धारा में बहे, तीन को बचाया गया, दो लापता

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद : कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर दामोदर नदी में स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। धनबाद-बोकारो फोरलेन स्थित तेलमोच्चो पुल के नीचे बुधवार सुबह पांच युवक नदी की तेज धार में बह गए। स्थानीय लोगों की सतर्कता से तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो अब भी लापता बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, बाघमारा के भीमकनाली के पांच युवक कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए दामोदर नदी पहुंचे थे। स्नान के दौरान वे सभी नदी की तेज धार की चपेट में आ गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तीन को तो बचा लिया, लेकिन सनी चौहान (21) और सुमित राय (18) नामक दो युवक लापता हो गए।

घटना की सूचना पर गोताखोरों की टीम को बुलाया गया और नदी में तलाशी अभियान शुरू हुआ। खबर लिखे जाने तक एक शव बरामद किया गया है, लेकिन उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है।

महुदा थाना प्रभारी ललित रंजन भगत ने बताया कि लापता युवकों की तलाश जारी है। मुनीडीह से अतिरिक्त गोताखोरों की टीम बुलाई गई है और एनडीआरएफ को भी सूचना दी गई है।

घटना की जानकारी मिलते ही धनबाद सांसद ढुल्लू महतो भी घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने कहा कि,

“इस हादसे के लिए राज्य सरकार जिम्मेदार है। कार्तिक पूर्णिमा जैसे पावन अवसर पर लाखों श्रद्धालु नदी में स्नान करते हैं, लेकिन प्रशासन ने सुरक्षा के कोई पर्याप्त इंतजाम नहीं किए।”

सांसद ने बताया कि उन्होंने उपायुक्त से बातचीत की है और रांची से एनडीआरएफ टीम धनबाद के लिए रवाना हो चुकी है।

About Author

error: Content is protected !!