धनसार में लोडिंग पॉइंट पर गोलीबारी, ट्रक चालक घायल — ठेकेदारों के बीच किराया विवाद से मचा हड़कंप
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद: धनसार थाना क्षेत्र के बरमसिया स्थित एफसीआई गोदाम लोडिंग पॉइंट पर गुरुवार को किराया बढ़ाने को लेकर चल रहे विवाद के बीच गोलीबारी की घटना सामने आई। इस घटना में ट्रक चालक श्रवण यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें शहीद निर्मल महतो मेमोरियल मेडिकल कॉलेज अस्पताल (SNMMCH) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घायल श्रवण यादव के भाई सत्येंद्र यादव ने बताया कि ट्रक चालक और खलासी ठेकेदारों से किराया बढ़ाने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान ठेकेदार संजय सिंह के बेटे कुणाल सिंह अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। बताया जाता है कि करीब 10 से 15 राउंड गोलियां चलाई गईं, जिसमें श्रवण यादव के पैर और हथेली में गोली लगी।
स्थानीय लोगों ने मौके पर आरोपी कुणाल सिंह को पकड़ने की कोशिश की, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। इस दौरान एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलने पर धनसार पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली ने बताया कि घटनास्थल से एक पिस्टल, दो मैगजीन और लगभग 12 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। साथ ही, एक वाहन को भी पुलिस ने जप्त किया है।
घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया है। पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।