गिरिडीह पुलिस एवं सीआरपीएफ की सर्च अभियान में बड़ी सफलता, हथियार और विस्फोटक जब्त
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

गिरिडीह : डुमरी पुलिस और सीआरपीएफ को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुरुवार को एसडीपीओ डुमरी के कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी गिरिडीह डॉ. बिमल कुमार और सीआरपीएफ 154 बटालियन के कमांडेंट एसडी त्रिपाठी ने जानकारी दी।
जानकारी के अनुसार, खुखरा थाना क्षेत्र के जोकाई नाला और निमियाघाट थाना क्षेत्र के चिरूआबेड़ा के आस-पास नक्सली गतिविधियों की गुप्त सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर एएसपी अभियान गिरिडीह सुरजीत कुमार और डिप्टी कमांडेंट अमीत कुमार झा के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम का गठन किया गया।
टीम ने 24 और 25 सितंबर को सुबह 5 बजे से छापामारी अभियान चलाया। छापामारी के दौरान किसी नक्सली का पता नहीं चला, लेकिन तलाशी के दौरान कई हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए।
बरामद सामग्री:
खुखरा थाना क्षेत्र, जोकाई नाला: 1 एसएलआर राइफल, 1 .303 राइफल, 113 जिन्दा राउंड (7.62 एमएम), 2 मैगजीन पाउच।
निमियाघाट थाना क्षेत्र, चिरूआबेड़ा पहाड़ी: लगभग 700 मीटर कोरडेक्स वायर, 23 डेटोनेटर, 2 एमसीएल बॉक्स, 5 स्टील कंटेनर।
टीम में एएसपी अभियान सुरजीत कुमार, डिप्टी कमांडेंट अमीत कुमार झा, असिस्टेंट कमांडेंट वैभव मल्होत्रा (कोबरा-203), सीआरपीएफ 154 बटालियन के पुनि पिंटू शर्मा, खुखरा और निमियाघाट थाना प्रभारी समेत अन्य सशस्त्र बल शामिल थे।
इस सफलता से जिले में नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई का संदेश गया है।