प्रिंस खान गिरोह पर रांची पुलिस का बड़ा एक्शन – 40 लाख का सोना जब्त, 3 गिरफ्तार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रांची पुलिस ने दुबई में बैठे कुख्यात अपराधी हैदर अली उर्फ़ प्रिंस खान के गैंग का पर्दाफ़ाश कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने गैंग से जुड़े तीन लोगों को कोलकाता से गिरफ्तार किया है। साथ ही करीब 400 ग्राम यानी 40 लाख रुपये का सोना जब्त किया गया है।
एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर गठित टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों के नाम मोहम्मद मुर्शीद, नियाज़ अली उर्फ आदिल और रोज़ी परवीन बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रिंस खान दुबई में बैठकर रांची समेत कई ज़िलों के व्यापारियों से करोड़ों रुपये की रंगदारी मांग रहा था। इस संबंध में लालपुर थाना में मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने उस सिम कार्ड के मालिक मोहम्मद मुर्शीद को गिरफ्तार किया, जिसका इस्तेमाल धमकी कॉल के लिए हो रहा था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुर्शीद ने यह सिम नियाज़ अली और रोज़ी परवीन के कहने पर प्रिंस खान के लिए खरीदा था। इसके बाद दोनों को भी गिरफ़्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि प्रिंस खान ने रंगदारी से मिली रकम से 400 ग्राम सोना खरीदा था। यह सोना रोज़ी परवीन ने मुथुट फाइनेंस में गिरवी रखकर दो लाख का लोन लिया। बाद में वह रकम हवाला के ज़रिए दुबई भेज दी गई, जिससे प्रिंस खान ने वहां लॉन्ड्री बिज़नेस शुरू किया। इस धंधे की देखरेख रोज़ी परवीन का पति मोहम्मद सोहराब कर रहा है।
रांची पुलिस ने मुथुट फाइनेंस से सोना ज़ब्त कर लिया है और गैंग से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।