झरिया: पति ने पत्नी की बेरहमी से हत्या, इलाके में मची सनसनी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद के झरिया में सुदामडीह थाना क्षेत्र स्थित गुलगुलिया पट्टी में पति ने पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
झरिया : धनबाद जिले के सुदामडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत पाथरडीह पांडे बस्ती स्थित गुलगुलिया पट्टी में सोमवार की सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां स्थानीय निवासी उमेश गुलगुलिया ने अपनी पत्नी सोनिया देवी की बेरहमी से पिटाई की और फिर गला दबाकर हत्या कर दी। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
मृतका के परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सुदामडीह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच), धनबाद भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति उमेश गुलगुलिया को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि रविवार की रात वह काम से देर से घर लौटा था। जब पत्नी देर से घर पहुंची तो उसने गुस्से में उसकी पिटाई की। इसके बाद दोनों खाना खाकर सो गए, लेकिन देर रात करीब तीन बजे उसने देखा कि पत्नी की सांसें थम चुकी थीं।
वहीं, मृतका के परिजनों का कहना है कि उमेश शराब के नशे में आए दिन सोनिया के साथ मारपीट करता था। उनका आरोप है कि बीती रात भी उसने हिंसा की और गला दबाकर हत्या कर दी। परिजनों ने आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की है।
सुदामडीह थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल आरोपी पति पुलिस हिरासत में है।