स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर, दो युवक गंभीर रूप से घायल; इलाज में लापरवाही को लेकर हंगामा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद। झरिया से घर लौट रहे दो युवकों को रविवार देर रात स्कॉर्पियो चालक ने टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए बैंक मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार सुबह परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
मामला डिगवाडीह गणेश पूजा मेले से लौटने के दौरान जोड़पोखर के पास का है। घायलों की पहचान झरिया निवासी देव वर्मा और बॉबी कुमार वर्मा के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि मेले में झूला झूलते समय किसी से उनकी बहस हुई थी। उसी विवाद के बाद रात लगभग 12 बजे स्कॉर्पियो चालक ने उनकी बाइक को लगातार दो बार टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया।
हादसे में देव वर्मा के सिर में गंभीर चोट लगी, जबकि बॉबी कुमार वर्मा की जांघ टूट गई और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आईं।
रात करीब 1 बजे घायलों को परिजन बैंक मोड़ के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। परिजनों का कहना है कि डॉक्टरों ने सही से इलाज नहीं किया और बार-बार पैसों की मांग की। देव वर्मा के मामा नीरज कुमार ने आरोप लगाया कि स्थिति गंभीर होने के बावजूद डॉक्टरों ने समय पर रेफर नहीं किया। वहीं, बॉबी कुमार वर्मा के पिता धर्मेंद्र वर्मा ने भी अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया।
सूचना पाकर बैंक मोड़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार दल-बल के साथ अस्पताल पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और स्कॉर्पियो चालक की तलाश जारी है।