बस ऑनर एसोसिएशन की नई कमिटी पर बढ़ा विवाद, आरोप-प्रत्यारोप तेज
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद: बस ऑनर एसोसिएशन की नई कमिटी बनने के बाद संगठन में विवाद गहराता जा रहा है। कमिटी गठन के तुरंत बाद ही आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।
सोमवार को एसोसिएशन के संरक्षक अरुण सिंह और दिलीप सिंह ने धनबाद थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उनका आरोप है कि पूर्व अध्यक्ष मोहन सिंह के बेटे अनीश सिंह ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इस शिकायत के बाद संगठन में तनाव और बढ़ गया है।
मंगलवार को इस पूरे विवाद पर अनीश सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी सफाई दी। अनीश ने कहा कि लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके पिता मोहन सिंह और अरुण सिंह के बीच पटनारी को लेकर पुराना विवाद है, जिसे अब एसोसिएशन की राजनीति से जोड़कर अनावश्यक रूप से तूल दिया जा रहा है।
अनीश सिंह ने कहा कि उन्हें नई कमिटी के गठन से कोई आपत्ति नहीं है और न ही वे इसके विरोध में हैं। लेकिन व्यक्तिगत विवाद को संगठन की राजनीति में घसीटना पूरी तरह से गलत है।
इस पूरे घटनाक्रम से बस ऑनर एसोसिएशन में खींचतान और तेज हो गई है। संगठन के कई सदस्य इसे आंतरिक मतभेद मान रहे हैं, वहीं दूसरी ओर अब पुलिस में शिकायत दर्ज होने के बाद मामला कानूनी रूप ले चुका है।