आज मध्य रात्रि से शुरू होगी गया पुल अंडरपास की मरम्मत, पेवर ब्लॉक की टेस्टिंग पूरी — यातायात रहेगा वन-वे
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद : गया पुल अंडरपास की सड़क मरम्मत का काम आज मंगलवार मध्य रात्रि 12:00 बजे से शुरू होगा। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर पथ निर्माण विभाग इस कार्य को अंजाम देगा। मरम्मत के दौरान अंडरपास में वन-वे यातायात व्यवस्था लागू की जाएगी।
पेवर ब्लॉक की टेस्टिंग सफल
उपायुक्त ने बताया कि अंडरपास की सड़क पर सुचारू और सुरक्षित यातायात के लिए यहां सीमेंट कंक्रीट के पेवर ब्लॉक बिछाए जाएंगे। पेवर ब्लॉक की टेस्टिंग पहले ही पूरी कर ली गई है। इन ब्लॉकों की भार वहन क्षमता प्रति वर्ग मिलीमीटर 45.37 न्यूटन है, जो भारी वाहनों के दबाव को सहन करने में सक्षम है।
काम का पहला चरण
पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता मिथिलेश प्रसाद ने बताया कि पहले चरण में श्रमिक चौक से बैंक मोड़ की ओर जाने वाले मार्ग पर पेवर ब्लॉक लगाने का काम होगा। इस दौरान यह मार्ग वन-वे रहेगा, जबकि विपरीत दिशा में वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने की अपील की गई है।
दूसरा चरण
पहला चरण पूरा होने के बाद, बैंक मोड़ से श्रमिक चौक की ओर जाने वाले मार्ग की मरम्मत शुरू की जाएगी। इस क्रम में भी संबंधित मार्ग पर वन-वे यातायात व्यवस्था लागू होगी।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि काम के दौरान धैर्य रखें और निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का पालन करें, ताकि किसी प्रकार की जाम या दुर्घटना की स्थिति न उत्पन्न हो।