निरसा OCP में अवैध उत्खनन के दौरान हादसा: एक की मौत, एक घायल, पुलिस कार्रवाई शून्य – दिनेश सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद।
शुक्रवार दोपहर ईसीएल के मुगमा क्षेत्र स्थित निरसा ओपन कास्ट प्रोजेक्ट (OCP) में अवैध कोयला उत्खनन के दौरान चाल धंसने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में डंगा पाड़ा निवासी बबुआ गोराई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मंगल बाउरी गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका पैर टूट गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद कोयला चोरों के सहयोगियों ने आनन-फानन में मृतक का शव और घायल को घटनास्थल से निकालकर ले भागे। वहीं, धंधे का संचालक कुंदन यादव, अरबाज शेख, अरमान शेख और अरविंद उर्फ तांबा मौके से फरार हो गए।
गांव के मुखिया दिनेश सिंह ने प्रशासन और ईसीएल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि—
“हमने कई बार लिखित और मौखिक शिकायत की, लेकिन कार्रवाई शून्य रही। पुलिस, CISF और ECL सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी के बावजूद अवैध उत्खनन बेखौफ जारी है। रातभर पिकअप वैन से कोयला ढोया जाता है और इसे रोकने वाला कोई नहीं।”
उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले भी अवैध उत्खनन में एक युवक की मौत हुई थी, लेकिन पुलिस प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
घटना से इलाके में गुस्सा और सवाल— आखिर अवैध उत्खनन पर लगाम कौन लगाएगा?