बंदूक की नोक पर 11 लाख की लूट, पुलिस ने 24 घंटे में किया पर्दाफाश; 4 आरोपी गिरफ्तार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!आसनसोल | Prime News 24
पश्चिम बंगाल के आसनसोल में दिनदहाड़े हुई 11 लाख रुपए की लूट ने पूरे क्षेत्र को दहशत में डाल दिया था, लेकिन पुलिस की तत्परता के चलते 24 घंटे के भीतर इस मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
शनिवार दोपहर को सतईसा मोड़, आसनसोल में चावल व्यवसायी राकेश जुलानिया के दो कर्मचारी बर्नपुर से व्यापार की रकम लेकर बराकर लौट रहे थे। इसी दौरान हथियारबंद अपराधियों ने बंदूक की नोक पर 11 लाख रुपए से अधिक की लूट को अंजाम दिया और फरार हो गए।
घटना के तुरंत बाद आसनसोल साउथ पुलिस पोस्ट ने त्वरित जांच शुरू की।
रविवार को डीसी सेंट्रल ध्रुव दास ने एक संवाददाता सम्मेलन में इस घटना की पूरी जानकारी साझा की।
गिरफ्तार हुए आरोपी:
1. राहुल बरनवाल उर्फ सनी सिंह – नियामतपुर
2. अभिषेक प्रसाद – जमुरिया
3. सरवन मंडल – नियामतपुर
4. दीपांकर विश्वास – नियामतपुर
राहुल और अभिषेक को ककरसोल से गिरफ्तार किया गया। उनके पास से लूट में इस्तेमाल की गई 7mm बंदूक और मोटरसाइकिल बरामद की गई।
उनकी निशानदेही पर बाकी दो आरोपी भी पकड़े गए और लूट के 2 लाख रुपए बरामद कर लिए गए।
पुलिस के अनुसार अभिषेक प्रसाद के खिलाफ जमुरिया में हत्या का मामला दर्ज है। अन्य आरोपियों के भी आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों को आज अदालत में पेश किया जाएगा। पूछताछ के जरिए पुलिस शेष लूटी गई रकम की बरामदगी के प्रयास में लगी है।
पुलिस द्वारा इस घटना को महज 24 घंटे में सुलझाना एक बड़ी कामयाबी है। उम्मीद है कि बाकी की रकम भी जल्द बरामद कर ली जाएगी और दोषियों को सख्त सजा मिलेगी।