डोजर नदी में गिरा, चालक गंभीर रूप से घायल – पुलिस की लापरवाही पर उठे सवाल
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद : रविवार को गोपालीचक में सिंह नेचुरल आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा किए जा रहे रास्ता चौड़ीकरण कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। संकरे रास्ते को चौड़ा करने के क्रम में एक डोजर अनियंत्रित होकर एकड़ा जोरिया नदी में गिर गया। इस हादसे में डोजर चालक संजय रॉय गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संजय रॉय नदी किनारे रास्ते का चौड़ीकरण कर रहा था, तभी डोजर के वजन से नदी का किनारा धंस गया और पूरी मशीन नदी में जा गिरी। घटना होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल चालक को निकालकर केन्दुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए शहीद निरंतरनाथ अस्पताल (एसएनएमएमसीएच), धनबाद रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलने के बावजूद पुटकी थाना पुलिस केवल गश्ती वाहन से एकड़ा पुल तक पहुंची, लेकिन न तो घटना स्थल पर जाकर जानकारी ली और न ही कोई कार्रवाई की। पुलिस की इस उदासीनता पर स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
फिलहाल, कंपनी द्वारा पीसी मशीन की मदद से नदी में गिरे डोजर को निकालने की कोशिश जारी है।