जामताड़ा में अब अपराधियों की खैर नहीं: एसपी एहतेशाम वकारिब ने की “टाइगर मोबाइल” टीम की तैनाती, अपराध और अपराधियों पर पुलिस की पैनी नजर…

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

जामताड़ा(झारखंड): जिले में अपराध और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए पुलिस अधीक्षक एहतेशाम वकारिब ने शुक्रवार को एक ठोस और प्रभावी कदम उठाया। उन्हें भरोसा है कि अपराध नियंत्रण में इसका दुरगामी प्रभाव पड़ेगा। पुलिस अधीक्षक ने आज जामताड़ा पुलिस केंद्र से 12 “टाइगर मोबाइल” टीमों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन टीमों को जिले भर में अपराध और अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए विशेष गश्ती और निगरानी कार्य के लिए नियुक्त किया गया है।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक वकारिब की दूरदर्शिता और अपराध के खिलाफ सख्त नीति का परिणाम है, जो जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक निर्णायक पहल के रूप में देखा जा रहा है। एसपी ने स्पष्ट कहा है कि अपराधियों के मंसूबों को कुचलना उनकी प्राथमिकता है, और इसके लिए तकनीक, तत्परता और रणनीतिक उपस्थिति को बढ़ाया जाएगा।

“टाइगर मोबाइल” टीम को खासतौर पर स्कूली क्षेत्रों, कॉलेजों, पेट्रोल पंपों, बस स्टैंडों, ज्वेलरी दुकानों और रेलवे स्टेशन जैसे भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील स्थानों पर गश्त करने का निर्देश दिया गया है। इन क्षेत्रों को एसपी ने ‘अपराध संभावित’ श्रेणी में रखा है, जहां अपराधिक तत्व अक्सर गतिविधियों को अंजाम देने की कोशिश करते हैं।

एसपी एहतेशाम वकारिब का कहना है कि टाइगर मोबाइल टीमों का उद्देश्य सिर्फ उपस्थिति दर्ज कराना नहीं, बल्कि वास्तविक निगरानी और संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित प्रतिक्रिया देना है। उन्होंने यह भी कहा कि रात और दिन दोनों समय में इन टीमों की गश्ती गतिविधियां जिले में अपराधियों के मनोबल को तोड़ने और आम जनता में सुरक्षा का भाव उत्पन्न करने में मदद करेंगी।

इस अवसर पर नगर पुलिस निरीक्षक, प्रवर परिचारी, अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी भी उपस्थित रहे। यह आयोजन पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

जामताड़ा पुलिस की यह रणनीति न केवल अपराधियों के हौसले पस्त करेगी, बल्कि कानून-व्यवस्था को नई मजबूती भी देगी। टाइगर मोबाइल टीमों की तैनाती से अब जामताड़ा की सड़कें पहले से ज्यादा सुरक्षित और सजग नजर आएंगी।

About Author

error: Content is protected !!