जमशेदपुर में बस ने स्कूटी सवार को मारी टक्कर, महिला-पुरुष की दर्दनाक मौत
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जमशेदपुर : के एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ाबाकी के समीप भीषण सड़क हादसा हुआ है, जिसमें स्कूटी सवार महिला-पुरुष को बस ने पीछे से टक्कर मार दी। वहीं, इलाज के दौरान महिला और पुरुष दोनों की ही मौत हो गयी है। घटना गुरुवार सुबह करीब 8.30 बजे के आसपास की है। मृतका अंजना महतो (34) बहरागोड़ा की रहने वाली थी। वहीं, मृतक राजेश सोरेन (43) बिरसानगर के जोन नंबर-10 के रहने वाले थे। मृतक राजेश सोरेन की पत्नी ने बताया कि उनके पति और महिला दोनों बड़ाबाकी में एक साथ काम करते थे। उनके पति आस्था कंपनी के सिविल इंचार्ज थे।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, स्कूटी सवार महिला-पुरुष पारडीह से बड़ाबाकी की तरफ जा रहे थे, तभी पीछे से आ रही बस ने स्कूटी सवार महिला और पुरुष को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दोनों मौके पर गंभीर रूप से घायल हो गये। वहीं स्कूटी बस में फंसी रह गयी, जिसे चालक घसीटते हुए काफी दूर तक ले गया। इधर, घटना के बाद इसकी सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गयी है।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के वक्त यात्री बस पारस जमशेदपुर से ओडिशा की ओर जा रही थी। इधर, घटना के बाद चालक बस को छोड़कर फरार हो गया है। वहीं, पुलिस ने बस को अपने कब्जे में ले लिया है। साथ ही मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।