Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
निर्धारित रूट का पालन करेंगे अखाड़ा दल – सिटी एसपी
_खतरनाक खेल दिखाने से करें परहेज_
धनसार व जामाडोबा टी.ओ.पी. शीघ्र होगी शुरू
रामनवमी के अवसर पर कोई भी अखाड़ा दल बिना सुरक्षा जुलूस नहीं निकलेंगे। गैर लाइसेंसी अखाड़ा दल को जुलूस निकालने की अनुमति नहीं मिलेगी। रामनवमी के अवसर पर डीजे बजाने पर प्रतिबंध रहेगा। रात्रि 10:00 बजे से सुबह 6:00 तक लाउडस्पीकर बजाने पर पाबंदी रहेगी। अधिक तेज आवाज में और किसी की भावना को ठेस पहुंचाने वाले गाने लाउडस्पीकर पर नहीं बजाएंगे। शांति व्यवस्था के साथ पर्व त्योहार संपन्न कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
यह निर्देश शनिवार को न्यू टाउन हॉल में ईद उल फितर एवं रामनवमी को लेकर आयोजित जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि सभी अखाड़ा दल संध्या 5:00 बजे से रात्रि 9:00 बजे तक जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट से जुलूस निकालेंगे। अखाड़ा दल के अध्यक्ष और सचिव अखाड़ा पर नियंत्रण रखेंगे। अप्रिय घटना घटने पर संबंधित अखाड़ा दल के अध्यक्ष और सचिव जिम्मेदार होंगे।
उन्होंने कहा सभी अखाड़ा दल अपने स्तर से पर्याप्त संख्या में कार्यकर्ताओं की तैनाती करेंगे। कार्यकर्ता जुलूस शुरू होने से अंत तक पूरी मुस्तैदी से उपस्थित रहना सुनिश्चित करेंगे। वहीं अखाड़ा दल किसी प्रकार के धारदार हथियार या वैसे शस्त्रों से करतब नहीं करेंगे जिससे किसी के चोटिल या घायल होने की आशंका हो।
उपायुक्त ने कहा कि त्योहारों के दौरान पूरे जिले में शराब बिक्री पर रोक रहेगी। अवैध शराब के कारोबारी और शराब की जमाखोरी करने वालों पर पुलिस द्वारा कारवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने त्योहारों की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए हर्षोल्लास, सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने का सभी से अनुरोध किया।
इस अवसर पर सिटी एसपी श्री अजीत कुमार ने कहा कि सभी को भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मानना है। उन्होंने उपद्रव करने वालों को चिह्नित कर पुलिस को सूचित करने का आग्रह किया।
सिटी एसपी ने कहा कि रामनवमी से पहले धनसार एवं जामाडोबा टी.ओ.पी. शुरू कर दी जाएगी। चिरकुंडा में पर्याप्त संख्या में महिला पुलिस बल उपलब्ध करा दिया जाएगा। ईद की नमाज के समय भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी जाएगी।
उन्होंने रामनवमी के दौरान जुलूस का रूट बदलने से पूर्व वरीय पदाधिकारियों को सूचित करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी को समाज की एकता और सौहार्द बनाए रखते हुए सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने का अनुरोध किया।जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में उपायुक्त सुश्री माधवी मिश्रा, सिटी एसपी श्री अजीत कुमार, ग्रामीण एसपी श्री कपिल चौधरी, डीएसपी श्री नौशाद आलम, डीएसपी श्री शंकर कामती, डीएसपी श्री धीरेन्द्र नारायण बंका, डीएसपी श्री सुमित कुमार के अलावा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी, सभी थाना प्रभारी व अन्य लोग उपस्थित थे।