

गिरिडीह (धनवार): गिरिडीह जिले के धनवार स्थित यूको बैंक में दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, दो बाइक पर सवार होकर पहुंचे पांच अपराधियों ने बैंक में घुसकर लूट की घटना को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद बैंक परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी।
बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में संदिग्ध अपराधियों की तस्वीरें कैद हुई हैं। सामने आई तस्वीरों में दो बाइक पर कुल पांच लोग सवार दिखाई दे रहे हैं। पुलिस इन तस्वीरों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है।
वहीं, अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। दिनदहाड़े बैंक में हुई इस वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भय और आक्रोश का माहौल है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि दिनदहाड़े बैंक में इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देकर अपराधी आखिर कहां फरार हो गए?